सूने मकान में चोरों का धावा, लाखों के जेवर पार, जाते-जाते गुलाब जामुन भी खा गए..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सारधा में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, फिर आलमारी खंगालकर करीब 95 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। चोरी के दौरान चोरों ने घर के फ्रिज में रखे गुलाब जामुन भी नहीं छोड़े और उन्हें खाकर फरार हो गए। घर लौटे सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती को जब टूटा ताला और बिखरा सामान दिखाई दिया तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सारधा निवासी दुलरूवा राम निर्मलकर वर्ष 2022 में बालको में शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे अपनी पत्नी कृष्णा निर्मलकर के साथ गांव में रहते हैं। उनके बड़े बेटे योगेन्द्र निर्मलकर बालको प्लांट कोरबा में कार्यरत हैं, जबकि छोटा बेटा बृजेश निर्मलकर रेलवे कर्मचारी है और बिलासपुर के गोविंद नगर में रहता है। दंपती अक्सर अपने बेटों से मिलने उनके पास जाते रहते हैं। इसी सिलसिले में 19 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे दुलरूवा राम और उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर बड़े बेटे के पास कोरबा चले गए थे। वहां तीन दिन रुकने के बाद 22 नवंबर की शाम करीब 6 बजे जब दोनों वापस ग्राम सारधा पहुंचे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इससे उन्हें घर में चोरी होने का संदेह हुआ। दंपती ने तत्काल अपने दोनों बेटों और बेटी इंदु निर्मलकर को फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटी इंदु अपने पति प्रशांत के साथ तिफरा से घर पहुंची। इसी रात करीब 11 बजे दुलरूवा राम के भतीजे जयप्रकाश निर्मलकर उनके घर खाना छोड़ने आए थे। वापस जाते समय उन्होंने घर के गेट के पास गहनों का एक छोटा बैग पड़ा देखा। जांच करने पर उसमें चांदी की बिछिया, छल्ले सहित कुछ सामान मिला, जो परिवार का ही था। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने घर में रखे जेवरों का मिलान किया तो सोने का पांच फर वाला हार, जिसकी कीमत करीब 55 हजार रुपये, सोने के पुराने टॉप्स का एक सेट, कीमत करीब 25 हजार रुपये और चांदी की तीन जोड़ी पायल, कीमत करीब 15 हजार रुपये गायब मिले। इस तरह कुल 95 हजार रुपये के जेवर चोरी होने की पुष्टि हुई।
चाबी से खोला रसोई का कमरा, गुलाब जामुन भी चट कर गए
चोरी की इस वारदात में एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया है। दंपती ने रसोई के कमरे में ताला लगाकर उसकी चाबी मुख्य दरवाजे पर टांग रखी थी। आशंका है कि चोरों ने उसी चाबी से रसोई का ताला खोला और फ्रिज में रखे गुलाब जामुन निकालकर खा लिए। वारदात के बाद चोर घर से कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। परिवार और गांव के कोटवार व सरपंच से चर्चा करने के बाद 24 नवंबर को दुलरूवा राम अपनी पत्नी के साथ चकरभाठा थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




