Uncategorized

हत्यारे को पकड़वाया डॉग ‘गब्बर’ ने, पत्थर से कुचलकर की थी युवक की हत्या..

भुवनेश्वर बंजारे
जांजगीर – उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले के फरार मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी 40 वर्ष को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी 42 वर्ष को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार घटना 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा में हुई थी। कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और मृतक देवनारायण सूर्यवंशी ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पत्थर से देवनारायण के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस की SOCU टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। इस दौरान पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ ने अहम भूमिका निभाई। गब्बर घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशल की लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे रायपुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेनदेन के विवाद में पत्थर से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में टीम जुटी हुई थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।

BREAKING