Uncategorized

अंधेरे में खड़ी ट्रक बनी काल, पीछे से घुसी बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर..

बिलासपुर– रतनपुर नेशनल हाईवे पर एक बार फिर अंधेरे में खड़ी ट्रक काल बन गई। भरारी के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार बाइक पीछे से खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रक के पिछले हिस्से में लगा लोहे का एंगल तक मुड़ गया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान आकाश साहू, निवासी सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान विकास साहू पिता बैसाखू साहू, निवासी ग्राम ढोटमा, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CB 8460 से रतनपुर की ओर से बिलासपुर आ रहे थे। जैसे ही शाम करीब 7 बजे वह भरारी के पास पहुंचे ही थे कि सड़क पर अंधेरे में खड़ा ट्रक सामने आ गया। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क से गुजर रहे भारी वाहन और खड़े ट्रक के बीच से निकलने का प्रयास करने लगे। इसी कोशिश में बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर में बाइक चालक आकाश के चेहरे और सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पीछे बैठे विकास को भी गंभीर चोटें आईं। इधर हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

BREAKING