कस्टम मिलिंग में बड़ा खेल, दो मिलों से गायब हुआ 66 हजार क्विंटल धान, 20 मिलर्स को नोटिस, निगरानी पर उठे सवाल…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – कस्टम मिलिंग के नाम पर समितियों और संग्रहण केंद्रों से धान उठाने के बाद उसके एवज में चावल जमा कराने की व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। भौतिक सत्यापन में दो राइस मिलों से 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिलने का खुलासा हुआ है। इसके बाद खाद्य विभाग ने कोटा की राजमुनि एग्रो राइस मिल और बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल को सील कर दिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण भी दर्ज किया गया है। वहीं, चावल जमा करने में लक्ष्य से पीछे चल रहे 20 अन्य मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई ने कस्टम मिलिंग की निगरानी व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि जब मिलर्स को समितियों और संग्रहण केंद्रों से बड़ी मात्रा में धान उठाने की अनुमति दी गई, तब उसके भंडारण, मिलिंग और चावल जमा करने की नियमित निगरानी कितनी प्रभावी रही? आखिर भौतिक सत्यापन में हजारों क्विंटल धान की कमी सामने आने तक जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस ओर क्यों नहीं गई?
दो मिलों में हजारों क्विंटल धान की कमी
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 26 नवंबर को खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने जांच अभियान चलाया। कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल में सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य तथा खाद्य निरीक्षकों आशीष दीवान, ललिता शर्मा और वसुधा राजपूत की टीम ने भौतिक सत्यापन किया। जांच में 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम मिला। इसी तरह बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी तथा खाद्य निरीक्षकों मंगेश कांत और वर्षा सिंह की टीम ने जांच की। यहां भी 29 हजार 150 क्विंटल धान की कमी सामने आई। दोनों मिलों में कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिलने के बाद विभाग ने मिलों को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
20 मिलर्स को नोटिस, आगे भी कार्रवाई के संकेत
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों एवं संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के एवज में मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा करना है। लेकिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले 20 अन्य राइस मिलर्स भी विभाग की जांच के दायरे में आ गए हैं। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मुताबिक चावल जमा कराने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के साथ निगरानी व्यवस्था की जवाबदेही भी जरूरी
दो राइस मिलों का सील होना और 20 मिलर्स को नोटिस जारी होना विभागीय कार्रवाई का हिस्सा है, लेकिन इस पूरे मामले का बड़ा सवाल निगरानी व्यवस्था को लेकर है। कस्टम मिलिंग में धान उठाव से लेकर चावल जमा होने तक प्रत्येक चरण का हिसाब और भौतिक सत्यापन जरूरी है। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी सामने आने के बाद यह भी जांच का विषय है कि संबंधित मिलों का पूर्व में कब-कब सत्यापन हुआ, स्टॉक का मिलान किस स्तर पर किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में क्या स्थिति बताई थी।
अब कार्रवाई केवल मिलों को सील करने और नोटिस जारी करने तक सीमित रहती है या फिर धान की कमी के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ निगरानी में चूक करने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।




