बिलासपुर: सरकंडा में दिनदहाड़े ताला तोड़कर 1.15 लाख नगदी की चोरी..महिला के घर को अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना,

बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित अवस्थी गली में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक महिला के घर का ताला तोड़कर नकदी और सामान पार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थीया ईतवारा यादव अवस्थी गली, चांटीडीह सरकंडा में अकेली रहती हैं और चना-मुर्रा बेचकर अपना जीवन यापन करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह अपने मकान में ताला लगाकर चना-मुर्रा बेचने ईरानी मोहल्ला स्थित सरकारी स्कूल के पास गई थीं। दोपहर लगभग 12 बजे जब वह वापस घर लौटीं तो देखा कि उनके घर के दरवाजे में लगा ताला गायब था और कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखने पर कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि खूंटी में टंगे थैले में रखे 1 लाख 15 हजार रुपये नकद तथा आईने की दराज में रखी सोना कलर की 5 नग नकली बाजारू चूड़ियां गायब थीं। पीड़िता के अनुसार अज्ञात व्यक्ति सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी उन्होंने अपने दामाद रवि यादव को दी, जिसके बाद सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रार्थीया की शिकायत पर धारा 305(a)-BNS और 331(3)-BNS के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।


