सीपत

मस्तूरी में गहराया जल संकट, खुटाघाट जलाशय से पानी छोड़ने विधायक दिलीप लहरिया ने शून्य काल में किया मांग

सीपत – गर्मी की शुरुआत के साथ ही मस्तूरी क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है। इसी गंभीर समस्या को उठाते हुए मस्तूरी विधायक एवं उपसचेतक दिलीप लहरिया ने विधानसभा के शून्यकाल में खुटाघाट जलाशय से पानी छोड़े जाने की मांग जोरदार तरीके से रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गिरते जलस्तर के कारण पेयजल और सिंचाई दोनों ही प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक लहरिया ने सदन में बताया कि मस्तूरी के कई गांवों में जलस्तर इतना नीचे चला गया है कि हैंडपंप और बोरवेल भी जवाब देने लगे हैं। ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, किसानों की फसलें पानी के अभाव में सूखने की कगार पर हैं, जिससे उनकी आजीविका पर भी संकट मंडरा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि खुटाघाट जलाशय क्षेत्र का प्रमुख जल स्रोत है, लेकिन समय पर पानी नहीं छोड़े जाने के कारण इसका लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है। यदि जलाशय से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जाए, तो न केवल जलस्तर में सुधार होगा, बल्कि पेयजल और सिंचाई की समस्या का भी काफी हद तक समाधान हो सकेगा।विधायक ने सरकार से मांग की कि इस विषय को प्राथमिकता में रखते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि मस्तूरी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

BREAKING