जनदर्शन में ऊनी सरपंच पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने जांच कर पद से हटाने की उठाई मांग

सीपत – मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत ऊनी में सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने जन दर्शन कार्यक्रम में लिखित शिकायत देते हुए सरपंच को पद से हटाने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में बिना प्रशासनिक अनुमति के जेसीबी चलाकर नुकसान पहुंचाया गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा चेक डैम निर्माण में घटिया गुणवत्ता, वर्तमान माह का राशन वितरण नहीं करना, तथा सीसी रोड निर्माण में मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी और मशीनों के उपयोग के साथ फर्जी भुगतान करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बोर खनन, तालाब निर्माण और 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरती गई। वहीं, नल-जल योजना की राशि जमा नहीं करने पर हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण से वंचित किए जाने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम आवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और सरपंच को पद से हटाने की मांग की है। वहीं, ग्राम पंचायत ऊनी की सरपंच छबीलता देवकुमार साहू ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस शिकायत पत्र में उपसरपंच सरोजनी साहू सहित सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं।


