सीपत में पुरुषोत्तम मास पर भक्ति की बही गंगा, भजन-सुंदरकांड व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

सीपत – पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सीपत स्थित बजरंगबली मंदिर में ग्रामवासियों द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ, महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
धार्मिक आयोजन की शुरुआत शाम 4 बजे भजन संध्या से हुई, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद श्रद्धापूर्वक सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ। भक्तजन हनुमान चालीसा एवं प्रभु श्रीराम के भजनों में लीन नजर आए। महाआरती के दौरान दीप प्रज्वलन कर श्रद्धालुओं ने बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।भजन संध्या में बाल कथा व्यास पंडित सौरभ तिवारी दर्राभाठा वाले एवं आचार्य प्रांशु तिवारी द्वारा पूजन एवं महाआरती संपन्न कराई गई। विद्वान पंडितों ने पुरुषोत्तम मास का महत्व बताते हुए कहा कि इस माह में पूजा-पाठ, जप, तप, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष फल प्राप्त होता है, जिससे व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति और पुण्य की प्राप्ति होती है।
महाआरती के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को खीर, पुड़ी एवं खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की और इसे सामाजिक एवं धार्मिक एकता का प्रतीक बताया।आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 28 मई से बजरंगबली मंदिर प्रांगण में लगातार 8 दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से 10 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।

कथा के दौरान प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों एवं धर्म संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे सीपत क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक चेतना का संदेश प्रसारित किया।


