सीपत

जमीन विवाद से परेशान ग्रामीण की मौत, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

सीपत – थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम फरहदा निवासी कनक पटेल ने पड़ोसी द्वारा लगातार की जा रही प्रताड़ना से परेशान होकर कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।मृतक की पत्नी परमेश्वरी पटेल ने 29 मई को सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके परिवार का कई वर्षों से शासकीय भूमि पर मकान है। पड़ोस में रहने वाला बलराम यादव एक बुजुर्ग महिला को लेकर घर पहुंचा और जमीन खाली करने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं से मानसिक रूप से आहत होकर कनक पटेल ने जहर खा लिया।30 मई को सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान कनक पटेल की मौत हो गई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध जोड़ा गया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने फरार आरोपी बलराम यादव (39 वर्ष) को गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा लगातार जमीन खाली कराने के लिए दबाव, गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों के कारण मृतक मानसिक रूप से प्रताड़ित था। मामले की आगे की जांच जारी है।

BREAKING