बिलासपुर

करेले के ढेर से निकला मौत का फन! बाजार में खरीदारी कर रहे युवक को कोबरा ने डसा, मची अफरा-तफरी

बिलासपुर – शहर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब सब्जी खरीद रहे एक युवक को करेलों के ढेर में छिपे जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग पहले तो कुछ समझ ही नहीं पाए, लेकिन जैसे ही सांप ने फन फैलाया, पूरे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।मिली जानकारी के अनुसार, बहतराई निवासी बिहारी साहू किसी काम से मुंगेली नाका गए थे। लौटते समय उन्होंने नेहरू नगर के साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदने का फैसला किया। वह एक दुकान पर खड़े होकर करेला चुन रहे थे। इसी दौरान करेलों के बीच छिपा एक जहरीला कोबरा अचानक बाहर निकला और उनके बाएं हाथ की उंगली पर डस लिया। सांप के डसते ही युवक दर्द से चीख पड़ा। कुछ ही सेकंड में दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही बाजार में मौजूद लोग भी सतर्क हो गए और सांप को पकड़ने की कोशिश की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप काफी देर तक फन फैलाकर फुफकारता रहा, जिससे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने डर के कारण अपनी दुकानें छोड़ दीं और वहां भीड़ जमा हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण युवक का इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बरसात के मौसम में खेतों और सब्जियों के साथ सांप भी बाजार तक पहुंच सकते हैं।

BREAKING