कोटा

इमरजेंसी कॉल का बहाना, फिर झपटमारी… कोटा पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे 6 शातिर आरोपी

बिलासपुर – राहगीरों को इमरजेंसी में कॉल करने का झांसा देकर मोबाइल झपटने वाले गिरोह का कोटा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने 24 जुलाई को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। सूरजपुर पुल के पास स्प्लेंडर बाइक सवार युवकों ने इमरजेंसी में कॉल करने का बहाना बनाकर उन्हें रोका। जैसे ही उसने मोबाइल निकाला, आरोपियों ने मोबाइल झपट लिया और उसकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर पुलिस ने राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु कोल और तुषार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने राकेश पोर्ते के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली। सभी छह आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

BREAKING