तखतपुर

फर्जी बिल विवाद पर टेंट हाउस संचालक का पलटवार: “67 हजार का ही बिल दिया, आरोप पूरी तरह झूठे”, निष्पक्ष जांच की मांग

तखतपुर – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के पॉलिटेक्निक कॉलेज तखतपुर आगमन के दौरान हेलिपेड निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े कथित फर्जी बिल विवाद में जसराज टेंट हाउस के संचालक अमित पाल सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा केवल 67,200 का वास्तविक बिल प्रस्तुत किया गया है और किसी भी प्रकार का फर्जी या मनगढ़ंत बिल जमा नहीं किया गया।

अमित पाल सिंह ने जारी स्पष्टीकरण में कहा कि उनके टेंट हाउस द्वारा कार्यक्रम के लिए हेलिपेड की तैयारी, मोजो बैरिकेडिंग, ग्रीन रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रस्तुत बिल पूरी तरह किए गए कार्य के आधार पर तैयार किया गया है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बिल की सत्यता पर संदेह है तो वह स्वयं इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग करते हैं। संबंधित विभाग, लोक निर्माण विभाग या सूचना के अधिकार के माध्यम से सभी अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच कराई जा सकती है।

उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की बात भी कही। टेंट हाउस संचालक का आरोप है कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के उनके खिलाफ फर्जी बिल लगाने के आरोप लगाकर उनकी फर्म की प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उनका यह भी कहना है कि इस मामले को जिस तरीके से प्रस्तुत किया गया, उससे संबंधित जनप्रतिनिधियों की छवि को भी अनावश्यक रूप से प्रभावित करने की कोशिश हुई है।

अमित पाल सिंह ने दोहराया कि उन्होंने कोई फर्जी बिल प्रस्तुत नहीं किया है और उन्हें न्यायिक व प्रशासनिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी और लगाए गए सभी आरोप निराधार साबित होंगे।

BREAKING