बाघ के हमले से दवनपुर में दहशत, घमेला से भिड़ा ग्रामीण…खेत में खाद छिड़कते समय अचानक झपटा बाघ, वन विभाग ने शुरू की तलाश

बिलासपुर – कोटा वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले में ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। जान बचाने के लिए ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए प्लास्टिक के घमेला से बाघ का मुकाबला किया। उसके प्रतिरोध के बाद बाघ मौके से भाग गया। घटना के बाद दवनपुर और आसपास के गांवों में बाघ की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दवनपुर निवासी संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम 42 वर्ष शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से संजू संभल नहीं सका और बाघ ने उसके चेहरे, हाथ तथा पैर पर हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीण ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पास रखे प्लास्टिक के घमेला से बाघ पर वार कर दिया। ग्रामीण के प्रतिरोध के बाद बाघ पीछे हट गया और वहां से जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विकास निगम के अधिकारियों को सूचना दी।
वन विकास निगम की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
बाघ की तलाश में जुटी टीम
घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम ने दवनपुर सहित आसपास के इलाकों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। टीम द्वारा बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा फिलहाल अकेले खेत और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। बाघ के अचानक आबादी के करीब पहुंचने और ग्रामीण पर हमला करने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।


