Uncategorized

सरकंडा में दर्दनाक हादसा:-छज्जा ढहने से मजदूर की मौत, एक ने सिम्स में तोड़ा दम, तो दूसरे की हालत गंभीर..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ऊंचाई पर काम कर रहे दो मजदूर अचानक नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 38 वर्षीय मजदूर नरेंद्र साहू की मौत हो गई। वहीं, घायल दूसरे मजदूर पंकज यादव का उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

छज्जा तोड़ते समय अचानक नीचे गिरे दोनों मजदूर

जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर निवासी नरेंद्र साहू पिता नरेश साहू 38 वर्ष रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह कपिल नगर निवासी गीता यादव के मकान में पुराने छज्जे को तोड़ने का काम कर रहे थे। उनके साथ पंकज यादव भी मजदूरी कर रहे थे। काम के दौरान अचानक दोनों मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण नरेंद्र साहू की जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरे घायल मजदूर पंकज यादव का अस्पताल में उपचार जारी है।

सुरक्षा इंतजामों की होगी जांच

हादसे की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अब हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए मकान में काम कराने वाले व्यक्ति और घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों से पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं। ऊंचाई पर काम करते समय सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया था अथवा नहीं, यह भी जांच का विषय रहेगा। पुलिस के अनुसार, जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

BREAKING