पुरानी रंजिश का खूनी बदला,कोटा में युवक पर 3-4 बार चाकू से वार, हथियार समेत 4 आरोपी गिरफ्तार…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान मुख्य आरोपी ने पीड़ित का गला काटकर जान से मारने की धमकी दी और चाकू से 3-4 बार वार किए। पीड़ित ने हाथ से वार रोककर अपनी जान बचाई। वहीं, एक अन्य आरोपी ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है।
वेल्डिंग दुकान के पास किया हमला
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी का कोमल साहू और नितेश साहू के साथ करीब एक वर्ष पुरानी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आए दिन लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनती थी। 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे प्रार्थी अपना पिकअप वाहन बनवाने शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि नितेश ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जिसके बाद कोमल साहू ने गला काटकर मार डालने की धमकी देते हुए चाकू से 3-4 बार वार किए। प्रार्थी ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया। इसी बीच गिरिजा शंकर दुबे ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला कर दिया।
चारों आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोटा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोमल साहू 22 वर्ष, नितेश साहू 26 वर्ष, देवेंद्र साहू 21 वर्ष, तीनों निवासी डोंगरीपारा कोटा, तथा गिरिजा शंकर दुबे 32 वर्ष, निवासी पड़ावपारा कोटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, एक लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BQ 7102 जब्त की है।आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू सहित आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सोम कुमार उइके, जलेश्वर साहू और मोहन सिंह ध्रुव की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई।



