सीपत

सीपत नहर में एनटीपीसी ठेका कर्मी से पहले लूट की कोशिश…फिर पीठ पर चाकू से जानलेवा हमला,

बिलासपुर – सीपत एनटीपीसी के ठेका कर्मी को बदमाशों ने नहर रोड पर दो बार घेरकर लूटपाट की कोशिश की। पहली बार ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाश भाग निकले, लेकिन कुछ ही देर बाद सुनसान रास्ते पर उसे फिर घेर लिया। रुपये और मोबाइल देने से इनकार करने पर एक बदमाश ने पीछे से चाकू मार दिया। चाकू उसकी पीठ में ही धंस गया। गंभीर हालत में घायल ठेका कर्मी को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सिम्स में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बिहार निवासी इरशाद अली 40 वर्ष एनटीपीसी सीपत में ठेकेदार के अधीन वेल्डर सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं। शुक्रवार शाम वे सब्जी और चिकन खरीदने जांजी बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय नहर रोड पर चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ करने लगे। इसके बाद बदमाशों ने धमकाते हुए मोबाइल और रुपये की मांग की। इसी दौरान वहां से कुछ साइकिल सवार ग्रामीण गुजर रहे थे। उन्हें देखकर बदमाश छिपने लगे। इरशाद ने साइकिल सवारों को रोककर घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बदमाशों को फटकार लगाई और उन्हें अपने साथ जांजी चौक तक ले गए। वहां ग्रामीण दूसरे रास्ते पर चले गए, जबकि इरशाद अपने घर जाने के लिए अलग रास्ते पर निकल गए। बताया जा रहा है कि इसी सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। मोबाइल और रुपये मांगने पर इरशाद ने विरोध किया तो एक युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। चाकू पीठ में धंसने से वे गंभीर रूप से घायल होकर किसी तरह भागे और पास की किराना दुकान तक पहुंचे। दुकान संचालक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

BREAKING