बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने पर मचा बवाल.. वायरल वीडियो ने खोली स्कूल की संवेदनहीनता, मस्तूरी के बेलटुकरी स्कूल का मामला, कलेक्टर के निर्देश पर प्रधान पाठक को नोटिस जारी,

बिलासपुर – मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से कुर्सी साफ करवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा, जिस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की प्रधान पाठक भारती खांडे को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगा है। बताया गया कि स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि ऐसी स्थिति में छात्रा को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने या उसके स्वास्थ्य का ध्यान रखने के बजाय उससे ही उल्टी से गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई। घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने स्कूल प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक को जारी नोटिस में तीन दिन के भीतर पूरे घटनाक्रम पर तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करने कहा है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच और प्रधान पाठक के स्पष्टीकरण पर है।


