रिश्तों का कत्ल! सगे चाचा ने भतीजे के सीने में घोंपा धारदार चाकू, हुई मौत, आरोपी चाचा गिरफ्तार

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास पारिवारिक विवाद में चाचा द्वारा अपने 17 वर्षीय भतीजे की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धनीराम निषाद उर्फ कुदन (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की देर रात करीब 11:50 बजे की है। घर में अचानक रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। इसी दौरान रवि निषाद अपने बड़े भाई के कमरे की ओर पहुंचा, जहां उसने धनीराम निषाद को हाथ में खून से सना धारदार हथियार लेकर बाहर निकलते देखा। कमरे के अंदर जाने पर उसका भतीजा अमित निषाद लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। उसके सीने पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजन और पुलिस तत्काल उसे 108 एम्बुलेंस से सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला मित्र को घर लाने पर होता था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक अमित निषाद अपनी महिला मित्र को अक्सर घर लेकर आता था। इस बात का आरोपी धनीराम निषाद विरोध करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान धनीराम ने सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान फोरेंसिक टीम, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की भी मदद ली गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने की फिराक में था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी पेश किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।सरकंडा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1476/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



