Uncategorized

NH-130 पर बड़ा हादसा,, बोड़सरा ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला,मौके पर मौत, पुलिस कर रही तलाश …

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – जिले के हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी युवक की मौत हो गई। पेंड्रीडीह बाईपास के आगे ग्राम बोड़सरा ओवरब्रिज के पास सड़क पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी राजेश खैरवार अमसेना के पास स्थित एक कोल डिपो में काम करता था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे वह बोड़सरा ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे-130 पर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन की चपेट में आने के बाद कई मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल हिर्री थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन का पता लगाने में जुटी है।

BREAKING