Uncategorized

चरित्र शंका में गर्भवती पत्नी पर जानलेवा हमला, गर्भ में ही दम तोड़ गया 4 माह का शिशु , पति पहुंचा सलाखों के पीछे..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – चरित्र पर संदेह के चलते एक पति द्वारा अपनी गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने हत्या करने की नीयत से पत्नी को लोहे के पाइप, हाथ-मुक्कों और लातों से बुरी तरह पीटा। इस हमले में चार माह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला का रायपुर के अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में हिर्री पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोदरी परसदा निवासी आदित्य कौशिक 24 वर्ष ने अपनी बहन सभ्या कौशिक के साथ हुई घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि सभ्या का विवाह 21 जनवरी 2025 को ग्राम बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ महीने बाद से ही पति उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था और इसी बात को लेकर आए दिन मारपीट करता था।

फोन पर बात करने के शक में किया जानलेवा हमला

शिकायत के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे आशीष ने पत्नी पर लड़कों से फोन पर बात करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने लोहे के पाइप के अलावा हाथ, लात और मुक्कों से बेरहमी से हमला किया। मारपीट में सभ्या के शरीर और गर्भाशय में गंभीर चोटें आईं तथा उसके निजी अंग से रक्तस्राव होने लगा। वह उस समय चार माह की गर्भवती थी। हमले के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
घटना की जानकारी 30 सितंबर को मिलने पर आदित्य अपनी बहन को देखने अस्पताल पहुंचा। पीड़िता ने अपनी मां संतोषी कौशिक के सामने भी पति की मारपीट की आपबीती बताई।

आरोपी गिरफ्तार, विवेचना जारी

हिर्री थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी आशीष कौशिक के विरुद्ध धारा 109 और 92 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

BREAKING