Uncategorized

जज से मारपीट मामला पड़ा भारी, सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या लाइन अटैच, नरेश चौहान को मिली कमान..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या को प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह अब नरेश चौहान को सरकंडा थाने का नया प्रभारी बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  रजनेश सिंह के आदेश पर गुरुवार को यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि न्यायाधीश के साथ मारपीट से जुड़े मामले को लेकर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से लाइन अटैच किए जाने के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। सरकंडा थाना शहर के प्रमुख और संवेदनशील थाना क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में थाना प्रभारी के तत्काल हटाए जाने और नए अधिकारी की नियुक्ति को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। नरेश चौहान के सरकंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब क्षेत्र में कानून व्यवस्था और लंबित मामलों के निराकरण को लेकर उनकी भूमिका पर नजर रहेगी। वहीं, प्रदीप आर्या को लाइन अटैच किए जाने के मामले में विभागीय स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

BREAKING