Uncategorized

पचपेड़ी में दर्दनाक हादसा, आधी रात कुएं में गिरा 26 साल का युवक, अस्पताल में मृत घोषित…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर -जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुकुलकारी (बड़ेकारी) में देर रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घर के आंगन से बाहर निकला युवक अचानक पास स्थित कुएं में जा गिरा। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुकुलकारी निवासी प्रकाश भार्गव, पिता दिलहरण भार्गव उम्र 26 वर्ष, मंगलवार बुधवार दरम्यानी रात करीब 12 बजे लघुशंका करने के लिए घर के आंगन से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक पास स्थित कुएं में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर माता-पिता घबराकर घर से बाहर निकले और बेटे की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कहीं पता नहीं चला तो उन्हें आशंका हुई कि बेटा कुएं में गिर गया है। इसके बाद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। तत्काल 112 की मदद ली गई कड़ी मशक्कत के बाद लगभग डेढ़ घंटे बाद काटा डाल बाहर निकाला गया और युवक को उपचार के लिए मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौते सहारे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को कुछ देर पहले तक घर में देखा था, उसकी अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। देर रात हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

BREAKING