धमतरी में गूंजा बिलासपुर का नाम, 8वीं ओपन राज्य स्तरीय कराटे में लेगेसी कराटे क्लब के खिलाड़ियों का धमाका, 5 खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक…

भुवनेश्वर बंजारे
धमतरी – जिले में आयोजित 8वीं ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बिलासपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर दिया। बिलासपुर के लेगेसी कराते क्लब के मात्र 5 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर कुल 6 पदक अपने नाम कर लिए। इसमें 1 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के बाद से बिलासपुर जिला कराटे संघ, प्रशिक्षकों और पालकों में खुशी की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार
छत्तीसगढ़ कराटे-डू एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त जिला संघ धमतरी कराटे-डू एसोसिएशन द्वारा 14 और 15 नवंबर को इंडोर स्टेडियम, आमातालाब, धमतरी राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा सहित अनेक गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कराटे-डू एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष और सीको काई कराटे इंटरनेशनल छत्तीसगढ़ के महासचिव रेन्शी बी. बी. नायडू ने की। प्रतियोगिता में 12 जिलों से 450 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा। जिसमे प्रमुख रूप से बिलासपुर जिले के लेगेसी कराटे क्लब के 5 खिलाड़ियों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। जिसके फल स्वरूप ख्याति वर्मा को स्वर्ण, कांस्य पदक जीता, तो वही दृष्टि कश्यप ने रजत पदक,कृष्णा बघेल ने रजत पदक, उद्धव शर्मा ने कांस्य पदक के साथ मायरा अग्रवाल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। बताया जा रहा है कि यह उपलब्धि बिलासपुर जिला कराटे संघ के अध्यक्ष राजेश पांडे और जिला सचिव रेन्शी हरिशंकर साहू के मार्गदर्शन में हासिल हुई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला संघ के पदाधिकारी, जिले के सभी कराटे प्रशिक्षक और पालकगण ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने कहा कि छोटे-छोटे खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर इस तरह पदक जीतना आने वाले समय में बिलासपुर के लिए बड़ी उम्मीद है।




