Uncategorized

बिलासपुर में आपसी विवाद में चाकू लगने से किशोर की मौत, तीन अन्य घायल, पुलिस जांच में जुटी…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – अपार्टमेंट की छत पर आग जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार रात अशोक नगर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। इस हिंसक झड़प में 17 वर्षीय किशोर मयंक ध्रुव की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान मयंक ध्रुव 17 वर्ष, पिता श्रवण कुमार ध्रुव, निवासी अशोक नगर स्थित बगदाई मंदिर के पास डी ब्लॉक के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपार्टमेंट की छत पर आग जलाने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ था। मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते उग्र हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान चाकू निकालकर हमला कर दिया गया। चाकूबाजी में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव और हमले के दौरान अन्य लोग भी चोटिल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल मयंक की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना में तीन अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।विवाद में दूसरे पक्ष से अमर उर्फ सुदामा साहू 22 वर्ष, पिता अरुण साहू, विकास दास मानिकपुरी 23 वर्ष, पिता कमल दास मानिकपुरी, गोपाल सोनी 18 वर्ष पिता वीरेंद्र सोनी और आर्यन उर्फ बिटू मानिकपुरी 18 वर्ष पिता संतोष दास मानिकपुरी के नाम सामने आए हैं। सभी अशोक नगर के मुरुम खदान क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। किशोर की हत्या और चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस घटनास्थल और पूरे विवाद के कारणों की जांच कर रही है। आखिर आग जलाने की मामूली बात पर विवाद इतना हिंसक कैसे हो गया और चाकू से हमला किसने किया, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। घटना ने एक बार फिर युवाओं के बीच मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

BREAKING