सीपत में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व मुखौटों पर पूर्ण प्रतिबंध

बिलासपुर – जिले के थाना सीपत में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक तहसीलदार सीपत सोनू अग्रवाल की अध्यक्षता एवं थाना प्रभारी राजेश मिश्रा की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इसमें जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच, गणमान्य नागरिक तथा प्रेस व मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।बैठक में होली पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनी।

निर्णय लिया गया कि सभी गांवों व मोहल्लों में होलिका दहन रात्रि 10 बजे तक अनिवार्य रूप से कर लिया जाएगा। हरे-भरे पेड़ों, निजी या सार्वजनिक संपत्ति का उपयोग होली जलाने के लिए नहीं किया जाएगा तथा विद्युत खंभों या तारों के नीचे होली नहीं जलाई जाएगी।माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मुखौटे पहनने पर भी रोक लगाई गई है। किसी पर जबरन रंग-गुलाल न डालने, कीचड़, ग्रीस, पेंट या अन्य हानिकारक पदार्थों का उपयोग न करने की अपील की गई। इसके साथ ही मोटरसाइकिल पर तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट साझा न करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि होली का त्योहार शांति एवं सद्भाव के साथ संपन्न हो सके।


