सीपत:- देवरी प्रीमियर लीग: लिमतरा ने 22 रन से जीता फाइनल, आयुष बने मैन ऑफ द मैच

सीपत – क्षेत्र के ग्राम देवरी में आयोजित देवरी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें लिमतरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिमतरा टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिल्हाटी टीम 10 विकेट खोकर 73 रन पर सिमट गई। इस तरह लिमतरा ने 22 रन से मुकाबला जीतकर 25,000 रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी हासिल की। उपविजेता चिल्हाटी टीम को 15,000 रुपये एवं कप प्रदान किया गया,

जबकि तृतीय स्थान पर ग्राम जांजी की टीम रही, जिसे 7,000 रुपये और कप से सम्मानित किया गया।फाइनल मुकाबले में आयुष यादव को मैन ऑफ द मैच तथा सौरभ मिश्रा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चित्रकांत श्रीवास ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। खेल से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा इस तरह के आयोजनों से गांव की प्रतिभाओं को मंच मिलता है। उन्होंने विजेता टीम और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत देवरी के सरपंच प्रतिनिधि रूपचंद रात्रे ने की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति को बधाई दी और भविष्य में और भव्य आयोजन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


