बिलासपुर रेलवे स्टेशन में पहुँची गांजे की बड़ी खेप : महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 24.9 किलो गांजा जब्त

बिलासपुर – रेलवे स्टेशन बिलासपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7-8 में घेराबंदी कर महिला समेत पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैग और थैले में छिपाकर रखा गया कुल 24 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है। जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर के प्लेटफार्म नंबर 7-8 पर एक महिला समेत चार पुरुष संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं और उनके पास अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव के निर्देश पर एएसआई विश्वनाथ चक्रवर्ती हमराह जीआरपी/आरपीएफ ड्यूटीरत स्टाफ के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जीतेंद्र (30), शिवा (26), अर्जुन इरपाचे (26) बताया। तीनों मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के शाहगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वहीं मेघराज कुचबंदिया (43) और पिंकीबाई (महिला) हरदा जिले के टिमनी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के सामान की जांच में एक बोरी, विमल पान मसाला के थैले और एक एयर बैग में छिपाकर रखा गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 24.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जीआरपी थाना बिलासपुर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 112/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में भी जांच कर रही है।


