घर में अकेला था लकवाग्रस्त बुजुर्ग, पत्नी लौटी तो फर्श पर पड़ी मिली लाश, मौत की अनसुलझी गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के धुरीपारा स्थित तुर्कनिया नाला के पास सोमवार को एक 56 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सहोरिक केवट के रूप में हुई है। वह लंबे समय से लकवा सहित कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित था। घटना के समय वह घर में अकेला था। पत्नी जब काम से वापस लौटी तो पति को जमीन पर गिरा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

25 वर्षों से किराए के मकान में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, सहोरिक केवट मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदिइया, नवापारा (रानीगांव) का निवासी था। वह पिछले करीब 25 वर्षों से अपने परिवार के साथ धुरीपारा में राजाराम साहू के मकान में किराए पर रह रहा था। पहले वह चौकीदार का काम करता था, लेकिन लकवा सहित अन्य बीमारियों के कारण लंबे समय से काम करने में असमर्थ था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी पत्नी संभाल रही थी, जो घरों में खाना बनाने का काम करती है।
काम से लौटी पत्नी तो जमीन पर पड़ा मिला पति
सोमवार सुबह सहोरिक की पत्नी रोजाना की तरह काम पर चली गई थी। बच्चे भी अपने-अपने काम से घर से बाहर थे। इस दौरान सहोरिक घर में अकेला था। दोपहर करीब 12 बजे पत्नी जब घर लौटी तो पति जमीन पर गिरा हुआ मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
फिसलकर गिरने की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि ब्रश करते समय पानी के कारण पैर फिसलने से सहोरिक गिर गया होगा। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


