पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे पर झूलती मिली लाश..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी में 33 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ, जब परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलकर देखने पर कमरे के भीतर युवक की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर हुआ था विवाद
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नंदकुमार लोनिया पिता सौखीलाल लोनिया 33 वर्ष, निवासी ग्राम गतौरी, थाना कोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को नंदकुमार की पत्नी ने उसके शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर नाराजगी जताई थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। परिजनों के मुताबिक, पत्नी ने नाराज होकर उसे खाना नहीं दिया था। इससे क्षुब्ध होकर नंदकुमार अपने कमरे में चला गया और खुद को अंदर बंद कर लिया।
सुबह दरवाजा नहीं खुला तो हुआ खुलासा
रविवार, 25 अक्टूबर की सुबह जब नंदकुमार ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो कमरे की म्यार में नंदकुमार का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


