Uncategorized

सगाई में निमंत्रण पर बवाल:- घोघाडीह में दो पक्षों में लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष, सरपंच सहित 7-8 घायल..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघाडीह में सगाई समारोह के दौरान निमंत्रण देने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों से हुए इस संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब 7 से 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। एक पक्ष ने पूर्व सरपंच प्रकाश बंजारे और वर्तमान सरपंच रामनारायण खांडे सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

निमंत्रण की बात पर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम घोघाडीह निवासी प्रकाश बंजारे का सगाई समारोह आयोजित था। प्रकाश बंजारे ने अपनी शिकायत में बताया कि कार्यक्रम में गांव के कई लोगों को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान तुलसी बघेल पक्ष के लोगों ने वर्तमान सरपंच पति रामनारायण खांडे के परिवार को निमंत्रण देने पर सवाल उठाया। इस बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर ईश्वर बघेल पक्ष के लोगों पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। प्रकाश के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे समीर, अरुण बंजारे, दिनेश बंजारे, हुसैन और रामनारायण खांडे के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने घर का दरवाजा भी तोड़ दिया। घटना में समीर, अरुण, दिनेश, हुसैन, रामनारायण और प्रकाश को चोटें आई हैं।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

वहीं, देवा बघेल ने अपनी शिकायत में बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे अपने घर के सामने आग ताप रहा था। इसी दौरान प्रकाश बंजारे और उसके पिता ईश्वर बघेल के बीच बातचीत हो रही थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देवा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला किया गया।
देवा के अनुसार, इस घटना में उसके अलावा उर्मिला, सुहागा, बंशी बघेल, रेशम, मुंशी बघेल और मुन्नी बाई को भी चोटें आई हैं। शिकायत में प्रकाश बंजारे और रामनारायण खांडे सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

कोटा पुलिस ने देवा बघेल की शिकायत पर अरुण बंजारे, दिनेश बंजारे, हुसैन बंजारे, प्रकाश बंजारे, रामनारायण खांडे और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, प्रकाश बंजारे की शिकायत पर पुन्‍नी लाल बघेल, समीर बघेल, मुंशी राम बघेल, बंशी राम बघेल, रेशम बघेल, देवा बघेल, ईश्वर बघेल सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी इन्हीं धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

BREAKING