रतनपुर

हाईवे पर अचानक भारी वाहन के सामने कूदा अज्ञात शख्स, पहियों तले कुचलकर मौके पर मौत,

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र के रानीगांव के पास गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी वाहन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी और वह पिछले दो-तीन दिनों से रानीगांव व आसपास के क्षेत्र में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। गुरुवार शाम वह हाईवे के पास मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक भारी वाहन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि अज्ञात व्यक्ति ने भारी वाहन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में मृतक के हुलिए के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

BREAKING