किसानों की फसल को खतरे में डालने वाला खेल बेनकाब, लोखंडी में 35 लाख की अवैध कृषि सामग्री जब्त,

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – तखतपुर विकासखंड के ग्राम लोखंडी में कृषि विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से भंडारित कीटनाशकों और जैव उत्प्रेरक खाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रामाघाट तालाब के पास स्थित गोदाम में बिना लाइसेंस रखी करीब 30 से 35 लाख रुपये की सामग्री जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। जांच के लिए भेजे गए कीटनाशकों के सभी सात नमूने प्रयोगशाला जांच में अमानक पाए गए हैं। मामले में कृषि विभाग की शिकायत पर सकरी थाने में आरोपी आशु सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 286 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।कृषि विभाग को लोखंडी में अवैध रूप से कीटनाशक भंडारण की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद कलेक्टर बिलासपुर और संचालक कृषि के निर्देश पर कृषि, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर आकस्मिक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में कीटनाशक एवं जैव उत्प्रेरक खाद का भंडारण मिला, अधिकारियों के मुताबिक संबंधित स्थान के लिए कृषि विभाग से न तो कीटनाशकों के विक्रय और भंडारण की अनुमति ली गई थी और न ही इस संबंध में कोई आवेदन या सूचना कार्यालय उप संचालक कृषि को दी गई थी। टीम ने तत्काल सामग्री के विक्रय पर रोक लगाते हुए पूरा स्टॉक जब्त कर गोदाम सील कर दिया।सामग्री के नकली या गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने की आशंका के चलते कीटनाशकों के नमूने जांच के लिए राज्य कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला, राजनांदगांव भेजे गए। जांच रिपोर्ट में सभी सात नमूने निर्धारित मानकों के विपरीत पाए गए। कृषि विभाग ने बताया कि जिले में कृषि आदानों की कालाबाजारी और अवैध बिक्री रोकने के लिए लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि बीज, उर्वरक और कीटनाशक केवल पंजीकृत विक्रेताओं से खरीदें और प्रत्येक खरीदी का बिल जरूर लें।


