Uncategorized

दाधापारा फाटक के पास सड़क किनारे मिला युवक का शव, अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका…

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित दाधापारा रेलवे फाटक के पास सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन के चालक पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए युवक को कुचलने का आरोप है। हादसे में युवक का सिर और शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम डडहा निवासी विजय धूरी 33 वर्ष पिता सहदेव धूरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 3 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे दाधापारा रेलवे फाटक के पहले बोदरी में सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही के चलते वाहन का पहिया युवक के शरीर के बाएं हिस्से और सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान ग्राम डडहा निवासी रामकुमार धूरी अपनी मोटरसाइकिल से दाधापारा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे शव देखकर उन्होंने घटना की जानकारी ली। मौके पर पहुंचे ग्राम डडहा के अजय धूरी ने मृतक के हाथ में बने टैटू और पहनावे के आधार पर उसकी पहचान विजय धूरी के रूप में की। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया। रामकुमार धूरी और अजय धूरी ने चकरभाठा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

BREAKING