तिफरा के सेक्टर-डी शराब भट्ठी के पास खड़ी कार रातों-रात गायब, पुलिस ने कई दिनो बाद दर्ज की FIR..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर-सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा स्थित सेक्टर-डी शराब भट्ठी के पास से एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है। नवरात्रि में दुर्गा दर्शन कर लौट रहे युवक की कार रास्ते में खराब हो गई थी। परिवार के साथ होने के कारण युवक कार को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर घर चला गया। अगले दिन सुबह वापस पहुंचने पर कार गायब मिली। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। कार चोरी की इस घटना ने शहर में वाहन सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों के कथित खौफ के बीच वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।
रात में खराब हुई कार, सुबह गायब मिली
प्रार्थी प्रांशु ठाकरे, निवासी साई बिहार यदुनंदन नगर तिफरा, ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि की अष्टमी पर वह परिवार के साथ दुर्गा दर्शन के लिए बिलासपुर शहर गया था। रात करीब 11:45 बजे लौटते समय उसकी मारुति सुजुकी इग्निस कार सेक्टर-डी शराब भट्ठी के पास अचानक खराब हो गई। परिवार साथ होने के कारण उसने कार को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर लॉक किया और घर चला गया। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे मैकेनिक के साथ मौके पर पहुंचा तो कार वहां नहीं थी। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
कई दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर
प्रार्थी ने कार चोरी की शिकायत सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई। चोरी गई कार का नंबर सीजी 10 एएम 5884 है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना 17 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है और एफआईआर कई दिन बाद दर्ज होने के पीछे कार की तलाश को वजह बताई गई है।


