Uncategorized

लाखासार मोड़ पर तेज रफ्तार प्लेटिना ने ली बुजुर्ग की जान, चालक के खिलाफ केस दर्ज

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में घायल 75 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के बाद घर लौटने पर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मामले में सकरी पुलिस ने मोटरसाइकिल प्लेटिना क्रमांक CG 28 Q 9906 के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलगहना निवासी दिलीप दिनकर 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने साथियों संतोष दिनकर और वीपी सिंह दिनकर के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम लाखासार जा रहे थे। इसी दौरान उनके गांव के 75 वर्षीय जेठूराम दिनकर पिता अक्तीराम दिनकर भी अपनी टीवीएस एक्सल क्रमांक CG 10 W 6639 से आगे-पीछे चल रहे थे। सभी को काठी के काम से ग्राम लाखासार जाना था। सुबह करीब 11 बजे जब वे लाखासार मोड़ के पास पहुंचे, तभी बिलासपुर की ओर से आ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए जेठूराम दिनकर की टीवीएस एक्सल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के चेहरे, माथे और पैर में चोटें आईं। उन्हें तत्काल डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद हालत ठीक होने पर वे घर लौट आए। लेकिन हादसे के कुछ घंटे बाद शाम करीब 4 बजे उनकी अचानक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, उनकी मौत दुर्घटना में आई चोटों के कारण हुई। हादसे में उनकी टीवीएस एक्सल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की रिपोर्ट प्रार्थी दिलीप दिनकर ने सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने प्लेटिना चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

BREAKING