तखतपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटी कार, बिलासपुर के युवक की मौत, चालक हुआ घायल, सकरी पुलिस ने शुरू की जाँच..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – बिलासपुर-तखतपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि कार चला रहा युवक घायल हो गया। हादसा पेण्डारी गांव के पास उस समय हुआ, जब बिलासपुर से तखतपुर की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में कार सवार प्रेम सिंह ठाकुर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा नगर बिलासपुर निवासी प्रेम सिंह ठाकुर 32 वर्ष पिता दिलीप सिंह ठाकुर, सोमवार सुबह कार क्रमांक CG 13 UH 7155 में सवार होकर बिलासपुर से तखतपुर की ओर जा रहे थे। कार को राजेश सोनवानी चला रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे पेण्डारी गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार प्रेम सिंह ठाकुर और चालक राजेश सोनवानी दोनों को चोटें आईं।
दुर्घटना के तत्काल बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद प्रेम सिंह ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजेश सोनवानी का उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




