हरदीकला टोना में पुरानी रंजिश पर मारपीट, चापड़ से हमले में युवक की हथेली कटी, तीन आरोपियों के एफआईआर दर्ज..

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों ने एक युवक और उसके साथियों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने कमर के पीछे से नारियल काटने वाला चापड़ निकालकर हमला कर दिया। युवक ने बचाव के लिए हाथ आगे किया तो चापड़ उसके बाएं हाथ की हथेली में लगा, जिससे अंगूठे और उंगलियों के बीच गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूर्या धुरी निवासी महामाया चौक के पास हरदीकला टोना, खेती-किसानी का काम करता है। वह 8 नवंबर की रात अपने दोस्त नितेश यादव, ललित यादव और प्रकाश यादव के साथ दो मोटरसाइकिलों से ग्राम सिलपहरी में गौरा-गौरी पूजा देखने गया था। पूजा देखने के बाद रात करीब 10:30 बजे सभी अपने गांव लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे हरदीकला टोना बाजार के पास एक दुकान में गुटखा-पान मसाला खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कमल सिन्हा, देवचरण बघेल और सूरज बघेल ने उनसे पूछा कि क्या वे संजू यादव के बेटे के दोस्त हैं। सूर्या और उसके साथियों के हामी भरते ही तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने 3 नवंबर को हुए पुराने विवाद का हवाला देते हुए जान से मारने की धमकी दी और चारों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच कमल सिन्हा ने कमर के पीछे रखा चापड़ निकालकर सूर्या पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान चापड़ उसके बाएं हाथ में लगा। घायल सूर्या को उसके साथियों और बड़े भाई कान्हा धुरी ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद डिस्चार्ज होने पर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सिरगिट्टी पुलिस ने कमल सिन्हा, देवचरण बघेल और सूरज बघेल के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं 115(2), 118(1), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।


