सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल टॉवर से केबल तार चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – जिला के थाना सीपत पुलिस ने मोबाइल टॉवरों से केबल तार चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के चोरी के केबल तार, तार काटने के औजार और एक सफेद आर्टिका कार बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
शहबाज अली (25 वर्ष) निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष) निवासी खम्हरिया, थाना सीपत मोईउद्दीन (27 वर्ष) निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
तीन विधि से संघर्षरत बालक
बरामद संपत्ति
छीला हुआ कॉपर केबल वायर 1 क्विंटल 2 किलो कीमत ₹1,22,400
प्लास्टिक कोटेड कॉपर केबल वायर 54 किलो कीमत ₹1,08,000
12 बंडल एल्युमिनियम तार कीमत ₹60,000
कुल बरामदगी: ₹2,90,400
एक सफेद रंग की आर्टिका कार
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना पर थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की।
पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 4-5 महीनों से तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयरामनगर, मुंगेली, कुंडा (कबीरधाम), अकलतरा, कोरबा सहित कई क्षेत्रों में मोबाइल टॉवरों से कॉपर वायर और एल्युमिनियम तार चोरी कर रहे थे।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है और अन्य मामलों में भी पूछताछ जारी है।


