Uncategorized

SECL के हाई-सिक्योरिटी कैंपस में भी सुरक्षित नहीं महिलाएं, 2 तोले की चेन लूटकर भागा बदमाश,

भुवनेश्वर बंजारे

बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र के संपदा कैंपस में सोमवार रात एक महिला से लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एसईसीएल में पदस्थ महिला कर्मचारी को निशाना बनाते हुए स्कूटी सवार बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन झपट ली। महिला ने जब इसका विरोध करते हुए चेन बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना में महिला के गले और शरीर पर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

रास्ता पूछने के बहाने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, संपदा कैंपस निवासी सुमन सिंह एसईसीएल में पदस्थ हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वे रोजाना की तरह कैंपस में टहलने निकली थीं। आमतौर पर वे पड़ोसियों के साथ वॉक करती थीं, लेकिन उस दौरान अकेली थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और रास्ता पूछने के बहाने उनसे पूछा कि बसंत कहां रहता है? महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली।

चेन बचाने का किया प्रयास, बदमाश ने कर दी मारपीट

अचानक हुई इस वारदात से घबराने के बजाय सुमन सिंह ने बदमाश का विरोध किया और अपनी चेन बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। छीना-झपटी के दौरान महिला के गले पर खरोंचें आईं और शरीर पर भी चोटें लगीं। इसके बाद आरोपी स्कूटी से तेजी से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से लुटेरे की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कैंपस और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनमें संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी नजर आ रही है। पुलिस हुलिए और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। कैंपस में महिला के साथ हुई इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। देर रात टहलने निकली महिला को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

BREAKING