दीपावली मिलन में साहू समाज का संकल्प…सामाजिक सेवा से लेकर सनातन संस्कृति के संरक्षण तक चलेगा अभियान

भुवनेश्वर बंजारे
बिलासपुर – दीपावली के पावन पर्व पर सामाजिक एकता, सद्भाव और सर्वसमाज के कल्याण का संदेश लेकर जिला एवं नगर साहू संघ ने मंगलवार को खमतराई स्थित भक्त माता कर्मा भवन में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह में जिलेभर के साहू समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए जिला साहू संघ के अध्यक्ष पप्पू साहू ने कहा कि दीपावली सनातन धर्म का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे, तब नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। उसी परंपरा को आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक साहू ने कहा कि साहू समाज का उद्देश्य केवल अपने समाज तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि सर्वधर्म और सर्वसमाज के हित में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है। समाज की ओर से संदेश दिया गया कि प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। जिला अध्यक्ष नगर साहू संघ पवन साहू ने बताया कि पूर्व में दीपावली मिलन समारोह पर्व के बाद आयोजित किया जाता था, लेकिन इस बार समाज के युवाओं और मातृशक्ति की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दीपावली से पूर्व आयोजन किया गया। समारोह में सामाजिक सेवा, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और सनातन परंपराओं के संरक्षण को लेकर जिला एवं नगर साहू संघ की भूमिका को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अंत में सभी ने समाज के साथ-साथ सर्वसमाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


