महिला को शादी का झांसा और 5 लाख की ठगी.!विश्वासघात और आर्थिक शोषण के आरोप में युवक गिरफ्तार,बेलगहना पुलिस की कार्रवाई..

भुवनेश्वर बंजारे
बेलगहना – शादी का झांसा देकर महिला के साथ कथित दुष्कर्म करने और उसके दिवंगत पति की बीमा राशि के करीब 5 लाख रुपये हड़पने के गंभीर आरोप में बेलगहना पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राकेश पांडे 35 वर्ष, पिता राजेंद्र पांडे, निवासी बेलगहना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 2 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी राकेश पांडे ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया था। घटनास्थल बेलगहना चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण मामले की जांच चौकी बेलगहना को सौंप दी गई।
घटना के बाद से फरार था आरोपी
मामले में अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रात के समय अपने घर के आसपास पहुंचा है और वहां से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
बीमा राशि हड़पने का भी गंभीर आरोप
पीड़िता ने आरोपी पर आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, उसके पति की बीमा राशि के रूप में प्राप्त करीब 5 लाख रुपये आरोपी ने अपने कब्जे में ले लिए। ऐसे में मामले में कथित दुष्कर्म के साथ-साथ बीमा राशि हड़पने के आरोपों की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


