शराब के लिए मांगे एक हजार रुपये, नहीं देने पर युवक से मारपीट,बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर भी धारदार हथियार से हमला,

बिलासपुर – कोनी थाना क्षेत्र के आशाबंद बिरकोना स्थित इंडेन गैस गोदाम के पास मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने नशे की हालत में तलवार लेकर लोगों को डराया-धमकाया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर धारदार वस्तु से हमला कर चोट पहुंचाने का भी आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार, अशोक नगर रोड निवासी सुनील राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई है कि 6 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त शेष नारायण साहू, नारद साहू और टिकेश्वर साहू के साथ इंडेन गैस गोदाम के पास मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने गया था। इसी दौरान वहां पिंटे यादव, प्रकाश धोबी और छोटका उर्फ भागवत गोंड मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार तीनों नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। प्रकाश धोबी अपने पास तलवार रखकर लोगों को डरा रहा था। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर नारद साहू को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे। नारद द्वारा रुपये नहीं होने की बात कहने पर तीनों आरोपियों ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। सुनील और शेष नारायण ने बीच-बचाव किया तो आरोप है कि पिंटे यादव ने धारदार वस्तु से सुनील के दाहिने कूल्हे और बाएं पैर के घुटने के पास वार कर चोट पहुंचाई। नारद साहू के दाहिने कंधे के पास भी चोट लगी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। शिकायत के आधार पर कोनी पुलिस ने पिंटे यादव, प्रकाश धोबी और छोटका उर्फ भागवत के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


