बिलासपुर

ट्रेन में महिला यात्रियों को घेरकर जेवर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, जीआरपी ने दो महिला चोरों को दबोचा, 5.40 लाख के सोने के जेवर बरामद,

बिलासपुर – ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर जेवर चोरी करने वाले संगठित महिला चोर गिरोह का जीआरपी बिलासपुर ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख 40 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए हैं। वहीं वारदात में शामिल एक अन्य महिला आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जीआरपी के अनुसार, करीब डेढ़ से दो माह पहले अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में महिला यात्री को घेरकर नागपुर रोड स्टेशन पर उतरते समय उसके हैंडबैग से सोने के जेवर चोरी किए गए थे। वारदात के बाद आरोपी महिलाओं ने चोरी के जेवर पकड़े जाने के डर से ग्राम घोघरा के पास एलीफेंट क्रॉसिंग में पाइप के नीचे छिपा दिए थे।पुलिस को 7 सितंबर को मुखबिर से ग्राम केराडोल, थाना पौड़ी, जिला एमसीबी क्षेत्र में संदिग्ध महिलाओं के मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर रिकी बसोंड 35 वर्ष पति विक्की बसोंड और वर्षा उर्फ कचरी बसोंड 23 वर्ष, पति विजय बसोंड, दोनों निवासी वार्ड नंबर-1 केराडोल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखे सोने के जेवर बरामद किए। बरामद जेवरों में 20.610 ग्राम का मंगलसूत्र, 15.090 ग्राम की झुमका जोड़ी, 4.160 ग्राम की कनौती जोड़ी, तीन लेडिस अंगूठियां 6.410 ग्राम तथा एक जेंट्स अंगूठी 2.050 ग्राम शामिल हैं। मामले में रितु उर्फ संतोषी बसोड 30 वर्ष पति विशाल उर्फ टकलू फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ धारा 305(C), 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल दाखिल किया गया। यह कार्रवाई एसपी रेल रायपुर दिव्यांग पटेल और डीएसपी रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के निर्देशन में जीआरपी बिलासपुर की टीम ने की।

BREAKING